- कैंसर जागरूकता कार्यक्रम के बाद डेली कॉलेज पहुंचे

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर की संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी से मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई। थरूर सोमवार को डेली कॉलेज परिसर में आयोजित कैंसर जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद वे परिसर से बाहर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद दूसरे प्रवेश द्वार से दोबारा अंदर पहुंचे और संघ की बैठक वाले हिस्से में गए। सूत्रों के मुताबिक, थरूर की पहले संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात की चर्चा थी, लेकिन उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के चलते यह भेंट नहीं हो सकी। इसके बाद कांग्रेस सांसद ने सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी से मुलाकात की। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
चर्चा में रहते हैं थरूर
शशि थरूर कई मौकों पर कांग्रेस की आधिकारिक राजनीतिक लाइन से अलग विचार रखने को लेकर चर्चा में रहे हैं। उनके राजनीतिक भविष्य और भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं, हालांकि वे ऐसी चर्चाओं का खंडन करते रहे हैं। गौरतलब है कि संघ की तीन दिवसीय बैठक में देशभर से करीब 400 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें संगठन के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
