दीवाली और छठ जैसे त्योहारी सीजन में ट्रेनों में भारी भीड़ के बीच कंफर्म तत्काल टिकट पाना किसी चुनौती से कम नहीं है। इसके लिए अब एजेंटों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, बल्कि आईआरसीटीसी पर कुछ आसान तरीकों और स्मार्ट ट्रिक्स को अपनाकर खुद ही आसानी से टिकट बुक किया जा सकता है। सबसे असरदार तरीका मास्टर लिस्ट फीचर का उपयोग करना है। टिकट बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय यात्रियों का नाम, उम्र और अन्य विवरण भरने में बर्बाद होता है। आईआरसीटीसी अकाउंट या रेलवन ऐप पर यात्रा करने वाले सभी यात्रियों की जानकारी पहले से मास्टर लिस्ट में सेव कर लें। बुकिंग शुरू होने पर केवल पैसेंजर्स को सेलेक्ट करना होगा, जिससे कीमती सेकंड्स की बचत होगी और आप सीधे पेमेंट पेज पर पहुंच जाएंगे। इसके अलावा, बुकिंग विंडो खुलने से 1-2 मिनट पहले साइट या ऐप पर लॉगिन कर लें और सुपरफास्ट इंटरनेट का इस्तेमाल करें। एसी क्लास के लिए तत्काल बुकिंग सुबह 10: 00 बजे और नॉन-एसी या स्लीपर क्लास के लिए सुबह 11:00 बजे शुरू होती है। समय शुरू होते ही मास्टर लिस्ट से पैसेंजर्स की डिटेल्स चुनें।
