
बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया, जमीन आवंटन, सब्सिडी, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और लाइसेंस हासिल करने से जुड़ी जटिलताओं को सरल बनाने के लिए भोपाल में बड़ा मंथन होने जा रहा है। फेडरेशम ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई) द्वारा 22 और 23 अक्टूबर को विकसित भारत उद्योग एवं व्यापार सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। एफएमपीसीसीआई के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने मीडिया से चर्चा में बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जबकि अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और विशेष आतिथ्य एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप करेंगे। सम्मेलन में 10 से 15 राज्यों के लगभग 400 उद्यमी तथा रूस, जर्मनी और ब्रिटेन जैसे देशों के कारोबारी प्रतिनिधि भाग लेंगे। खरे ने कहा कि वर्तमान में उद्यमियों का काफी समय सरकारी मंजूरियों और कागजी प्रक्रियाओं में चला जाता है, जिससे वे उत्पादन और व्यापार विस्तार पर पूरा ध्यान नहीं दे पाते।
