धार्मिक हस्तियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने पर ईरान में छात्रा को मौत की सजा

बिच्छू डॉट कॉम। ईरान में एक छात्रा को इस्लाम की प्रमुख धार्मिक हस्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। इसी साल जनवरी में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू होने के बाद उन्हें मशहद शहर से गिरफ्तार किया गया था। नजमेह ने कोर्ट में दलील दी कि उन्होंने ये टिप्पणियां नशीले मशरूम खाने के बाद मतिभ्रम की स्थिति में की थीं, जिसे कोर्ट ने नहीं माना।  मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नजमेह अमीनी ईरान की 23 साल की छात्रा हैं जो अकाउंटिंग की पढ़ाई कर रही थीं। जनवरी में ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान उन्हें मशहद शहर से गिरफ्तार किया गया था, जिनकी शुरुआत आर्थिक परेशानियों को लेकर हुई थी लेकिन जल्द ही वे सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध में बदल गए। ईरान ह्यूमन राइट्स के मुताबिक गिरफ्तारी से पहले ईरान की साइबर पुलिस उनकी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही थी। अधिकारियों ने बाद में उन पर धार्मिक हस्तियों, विशेषकर शिया इस्लाम में सम्मानित इमामों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया।

Related Articles