
बिच्छू डॉट कॉम। कांग्रेस ने राज्य सरकार से एक लाख रोजगार की विभागवार जानकारी, भर्ती कलैण्डर और खाली पदों का ब्योरा मांगा है। पार्टी ने पेपर लीक, रोजगार मेलों, कर्ज, संघ से जुड़ी नियुक्तियों और कार्यक्रमों के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला हैं। प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में बुधवार को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि युवाओं के लिए योजनाएं सिर्फ घोषणा न रहें, इसके लिए सरकार को स्पष्ट रोडमैप देना चाहिए। राज्य सरकार ने अगले साल एक लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की है, लेकिन सरकार तो पहले ही ढाई लाख और पांच लाख नौकरियां देने की बात कर चुकी है। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को एक लाख नौकरियां किन विभागों में, कितने पदों पर और कब तक तक दी जाएगी, ये सरकार का स्पष्ट करना होगा।
