सीएम यादव आज मुंबई में फार्मा-मेडिकल डिवाइस उद्योगपतियों से करेंगे संवाद

सीएम यादव

बिच्छू डॉट कॉम। जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले मध्यप्रदेश सरकार ने निवेश जुटाने के लिए देश के बड़े कारोबारी केंद्रों का रुख किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को मुंबई में फार्मा, मेडिकल डिवाइसेज, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य क्षेत्रों के उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे, जिसमें निवेश के साथ कंपनियों की जरूरतों और विस्तार योजनाओं पर चर्चा होगी। मुंबई दौरे में सरकार का फोकस केवल बड़े निवेश प्रस्ताव हासिल करने पर नहीं, बल्कि प्रदेश में तैयार किए जा रहे सेक्टर स्पेसिफिक इंडस्ट्रियल पार्कों को संबंधित उद्योगों से जोडऩे पर रहेगा। इसके तहत ग्वालियर के टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन, नर्मदापुरम के बाबई मोहासा रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग जोन, धार के पीएम मित्र पार्क और उज्जैन के मेडिकल डिवाइसेज पार्क को उद्योग समूहों के सामने रखा जाएगा। मुंबई में फार्मास्युटिकल क्षेत्र के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ केंद्रित राउंडटेबल मीटिंग होगी।

Related Articles