साइबर फ्रॉड के सरगना पर एटीएस की नजर, पाकिस्तान भेजे ठगी के 10 करोड़

साइबर फ्रॉड

बिच्छू डॉट कॉम। करोड़ों की साइबर ठगी के मामले में अब एटीएस रतलाम भी जांच में उतर गई है। गुरुवार को टीम ने शामगढ़ पहुंचकर साइबर ठगी के कथित सरगना टोनी से करीब दो घंटे पूछताछ की। पूछताछ में पाकिस्तान के कराची निवासी अब्दुल और रज्जाक से संपर्क तथा उनके साथ हुई चैट को लेकर जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल से दोनों के चैट मिले हैं। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि गिरोह ने 12 करोड़ की ठगी की। इनमें से 10 करोड़ पाकिस्तान भेजने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रकम किन बैंक खातों और किन माध्यमों से पाकिस्तान भेजी गई। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पीडि़तों से ठगी गई रकम पहले 133 बैंक खातों में जमा होती थी। इसके बाद इन खातों से रकम निकालकर दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस ने इन सभी खातों को सूचीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। इनके जरिए रकम के लेन-देन और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Related Articles