सीएम मोहन यादव ने युवाओं से वर्चुअली किया संवाद

  • उज्जैन पहुंची सेवा संकल्प यात्रा
    भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
    । सेवा संकल्प यात्रा बुधवार को उज्जैन पहुंची। इस मौके पर विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। उन्होंने सेवा यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और युवाओं से जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। यह यात्रा सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से बड़नगर तक निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान सेवा कार्यों, जनसंवाद और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याण से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का काम किया जाए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना चाहिए। अलग-अलग राज्यों से आए सेवा यात्रियों के बीच खान-पान और संस्कृति का आदान-प्रदान भी हो। उन्होंने यात्रियों से सद्भावना के साथ यात्रा को आगे बढ़ाने की बात कही।
    पौधरोपण के साथ सफाई अभियान
    सेवा यात्री ग्राम कनासिया के रास्ते उज्जैन जिले में पहुंचे। यहां उन्होंने पौधरोपण किया। इसके बाद विक्रम विश्वविद्यालय परिसर में स्थित तालाब की सफाई भी की। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर सेवा और सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। इससे युवाओं को समाज के लिए काम करने और लोगों से सीधे जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है। सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित अभियान का हिस्सा है। इस यात्रा में युवा सेवा कार्यों और जनसंवाद के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से जुड़ रहे हैं। उज्जैन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संजय अग्रवाल, जगदीश पांचाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles