आयकर का नवाचार: मप्र में करपति बनाने का ग्रांड फिनाले कल

 ग्रांड फिनाले

आयकर विभाग ने अपने अधिकारी-कर्मचारियों को नया टैक्स कानून सिखाने के लिए कौन बनेगा करपति जैसी अनूठी क्विज शुरू की है। नेशनल डायरेक्ट टैक्सेस एकेडमी (एनएडीटी) के रीजनल कैम्पस द्वारा आयोजित इस स्पर्धा का ग्राड फिनाले 29 सितंबर को है। इसमें मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ और नागपुर से कुल 550 अधिकारी-कर्मचारी भाग ले रहे हैं। एनएडीटी रीजनल कैंपस के एडिशनल डायरेक्टर जनरल राजकुमार घोष का कहना है कि विभागीय प्रशिक्षण और ज्ञान वर्धन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए यह नवाचार किया गया है। इसका उद्देश्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ज्ञान, कौशल, सहभागिता एवं व्यावहारिक क्षमता को और मजबूत करने के साथ ट्रेनिंग प्रोग्राम को अधिक परिणामोन्मुखी बनाना भी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रिंसिपल चीफ कमिश्नर मोना मोहंती एवं विशेष अतिथि डायरेक्टर जनरल बिजॉय कुमार पांडा रहेंगे। इस अनूठी स्पर्धा में केबीके सीजन-2 के लिए 550 अधिकारी-कर्मचारियों ने आवेदन किया था। श्रेणी-1 में इंस्पेक्टर तक के कर्मचारी और श्रेणी-2 में आईटीओं और उनसे सीनियर अधिकारी शामिल हुए हैं। दोनों श्रेणियों में से 30-30 प्रतिभागी सिलेक्ट हुए हैं। ग्रांड फिनाले के बाद दोनों श्रेणियों से विजेता और उपविजेताओं का चयन होगा।


Related Articles