
जमीन के एक बड़े सौदे और पद के दुरुपयोग मामले में फरार निलंबित सीएसपी नेहा पंच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्र और मारूफ अहमदै हनफी पर शिकंजा कस गया है। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। पुलिस को निर्देश दिए हैं कि तीनों को गिरफ्तार कर 25 सितंबर तक पेश किया जाए। कुठला थाने में 19 अगस्त को एफआईआर दर्ज होने के बाद से तीनों फरार बाहर हैं। पुलिस ने 10-10 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। प्रकरण 1.07 करोड़ रुपए कीमत की जमीन को कम कीमत पर हस्तांतरित कराने के लिए पद-प्रभाव के दुरुपयोग से जुड़ा है। गिरफ्तारी से बचने आरोपियों ने अग्रिम जमानत की कोशिशें भी कीं। जिला अदालत से याचिका खारिज होने के बाद नेहा की ओर से हाईकोर्ट में अपील की गई है।
