शासकीय होम्योपैथिक कॉलेज में जेडीए बनाने की तैयारी

होम्योपैथिक

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। कलियासोत की पहाड़ी स्थित शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जूनियर डाक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) बनाने की तैयारी शुरू की है। उनका दावा है कि यह मप्र के किसी शासकीय होम्योपैथिक मेडिकल कालेज में बनने वाला पहला जेडीए होगा। यूजी और पीजी विद्यार्थियों को इसमें शामिल करने की तैयारी है। गठन को लेकर प्राचार्य को औपचारिक सूचना भी दी जा चुकी है और पदाधिकारियों का चुनाव कराने की बात कही गई है। विद्यार्थियों के अनुसार कालेज में लगातार परीक्षाओं के कारण कक्षाएं प्रभावित होने, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होने, छात्रावास सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और एजुकेशनल ट्रिप से जुड़े मुद्दे हैं। समय पर स्टाइपेंड नहीं मिलने और छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं को भी संगठन के माध्यम से उठाने की तैयारी है।
गलत के खिलाफ आवाज उठाने पर फेल करने की धमकी का आरोप
जेडीए के सदस्य डा. तरुण सोनी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी व्यक्ति के खिलाफ जाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच पर रखना और होम्योपैथी को आगे बढ़ाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत के खिलाफ आवाज उठाने पर फेल करने की धमकी जैसी शिकायतें विद्यार्थियों से सामने आती हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष सुनवाई और पारदर्शी कार्रवाई जरूरी है। प्राचार्य डा. बबीता श्रीवास्तव ने कहा कि कालेज में जेडीए का गठन नहीं हुआ है। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए अलग से विद्यार्थियों की विंग बनाने का प्रस्ताव है। समस्याएं सुनने और उनके निराकरण की व्यवस्था पहले से मौजूद है।

Related Articles