
बिच्छू डॉट कॉम। यमन में हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब पर एक जेल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक करने का आरोप लगाया है। हूतियों के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। हमले में कम से कम 7 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। यह हमला उत्तरी यमन के जौफ प्रांत के हज्म शहर में स्थित सेंट्रल करेक्टिव फैसिलिटी पर हुआ। हूती संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, मलबे के नीचे 35 कैदी और अपने पति से मिलने आई एक महिला फंसी हुई है। हूती मीडिया ने हमले के बाद का फुटेज भी प्रसारित किया, जिसमें एक इमारत का ढहा हुआ हिस्सा, मलबा और वहां तलाश में जुटी रेस्क्यू टीमें दिखाई दे रही हैं। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सऊदी अरब पर जौफ में एयरस्ट्राइक करने और ‘नरसंहार’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि सऊदी हमले का जवाब दिया जाएगा और इसके लिए सऊदी अरब को सजा भी मिलेगी। सरी ने बाद में दावा किया कि हूती बलों ने पिछले 24 घंटे के दौरान सऊदी अरब के चार टोही ड्रोन मार गिराए हैं। हालांकि, इन दावों पर सऊदी अरब की तरफ से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
