
- युकां-एनएसयूआई को जिम्मेदारी
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रदेश में अगले साल से शुरू होने वाले चुनावी सिलसिले को देखते हुए कांग्रेस ने प्रदेश के 1.41 करोड़ से अधिक युवा मतदाताओं पर फोकस बढ़ा दिया है। पार्टी अब युवाओं से जुड़े मुद्दों को सीधे राजनीतिक अभियान से जोड़ने की तैयारी में है। इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। कांग्रेस इस आयोजन को महज एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित रखने की बजाय प्रदेशभर में युवाओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने के अभियान के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
इंदौर में पचास हजार युवाओं को जोड़ने की तैयारी: राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम में भोपाल, इंदौर और उज्जैन से करीब 50 हजार युवाओं को जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच और सक्रियता बढ़ाना चाहती है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक मप्र में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11,81,747 मतदाता हैं।
गांव-कस्बों से कॉलेज और कोचिंग सेंटर तक अभियान
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता शहरों और कस्बों के साथ विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेंटरों तक पहुंचेंगे। यहां युवाओं और छात्रों से संवाद कर उनके स्थानीय मुद्दों को सामने लाने की कोशिश की जाएगी। कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों को भी इस संबंध में निर्देश दिए हैं। पार्टी की योजना है कि स्थानीय स्तर पर युवाओं से जुड़े रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, अवसर और अन्य मुद्दों पर चर्चा की जाए और इन्हें प्रदेश स्तर के राजनीतिक मुद्दों से जोड़ा जाए।
