
बिच्छू डॉट कॉम। बरही नगर परिषद में नवनिर्मित रैन बसेरा के लोकार्पण में पूर्व मंत्री एवं विधायक संजय पाठक का तीखा बयान मरे हुए व्यक्ति के पैसे में कमीशन मत खाओ चर्चा में है। संबल योजना के हितग्राहियों ने विधायक के सामने आरोप लगाया कि सहायता राशि स्वीकृत कराने के एवज में कमीशन लिया जा रहा है। इस पर विधायक मंच से ही नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार की शिकायतें तो सामने आती रहती हैं, लेकिन मृत व्यक्ति के चार लाख रुपए की सहायता राशि में भी कमीशन लेना शर्मनाक है। कम से कम ऐसे मामलों में मानवता रखनी चाहिए। पाठक ने चेतावनी दी कि संबल योजना की राशि में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि जिसने भी संबल योजना का पैसा खाया है, उसे भगवान भी माफ नहीं करेगा।
