पीएम धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में डिंडोरी देश में अव्वल

पीएम धन-धान्य कृषि योजना

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के क्रियान्वयन में डिंडोरी जिले ने देश के सौ चयनित जिलों में जुलाई माह में प्रथम रैंक प्राप्त की है। यह उपलब्धि जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित 36 योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी समन्वय से प्राप्त हुई है। इस योजना के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि, सिंचाई और कृषि अधोसंरचनाओं को मजबूत करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। डिंडौरी जिले की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि, वनोपज और ग्रामीण आजीविका पर आधारित है। जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती के साथ श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। जिले में 34 हजार 700 हेक्टेयर क्षेत्र में कोदो-कुटकी की खेती की जा रही है, जिससे 52 हजार 282 कृषक परिवार तथा 14 कृषक उत्पादक संगठन सीधे जुड़े हैं। जिले के पारंपरिक कोदो-कुटकी उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त होने से इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत 5 हजार 36 किसानों से 3 हजार क्विंटल कोदो-कुटकी की उपार्जन एवं खरीदी पूर्ण की जा चुकी है। वर्तमान वर्ष में 10 हजार क्विंटल खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विस्तार के लिए जिले में 33 जैव संसाधन केंद्रों का निर्माण किया गया है। इनके माध्यम से 67 हजार 155 लीटर वर्मी वॉश, जीवामृत एवं अग्न्यास्त्र का उत्पादन कर 390 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में उपयोग किया गया है।

Related Articles