अहमदाबाद में एमपी को मिले 8,635 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

  • 5,785 रोजगार के अवसर, सीएम की उद्योगपतियों से वन टू वन बैठक

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
गुजरात के अहमदाबाद में हुए निवेश संवाद में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में करीब 5,785 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। संवाद में अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा समेत गुजरात के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के 350 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योग लगाने और कारोबार बढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल है। सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा, सुरक्षा और सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि गुजरात के पास उद्योग और व्यापार का अनुभव है, जबकि मध्यप्रदेश के पास जमीन, पानी और देश के बीच में होने का फायदा है। दोनों राज्यों की ताकत मिलकर औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकती है।
15 से अधिक उद्योग समूहों से वन-टू-वन चर्चा
निवेश संवाद के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने प्रमुख उद्योग समूहों के साथ 15 से अधिक वन-टू-वन बैठकें कीं। इनमें निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक विस्तार और प्रदेश में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा हुई। अरविंद लिमिटेड के साथ पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित 1,200 करोड़ रुपये के निवेश को जल्द जमीन पर उतारने और टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा हुई। वहीं टोरेंट पावर लिमिटेड के साथ अनूपपुर में प्रस्तावित 1,600 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना पर चर्चा की गई। पेट्रोकेमिकल, केमिकल, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की कंपनियों ने भी मध्यप्रदेश में निवेश में रुचि दिखाई।
ढाई साल में 34 लाख करोड़ के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई साल में मध्यप्रदेश को अलग-अलग क्षेत्रों में 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश जमीन पर उतर चुका है। उन्होंने गुजरात के उद्योगपतियों को जनवरी-फरवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश के लिए सरकार ने कई नई नीतियां लागू की हैं। बिजली, पानी, जमीन और कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित श्रमशक्ति भी उपलब्ध है। उन्होंने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश के विकास में भागीदार बनने और प्रदेश में खुलकर निवेश करने का आह्वान किया।
सीमेंट और पैकेजिंग में सबसे बड़े प्रस्ताव
निवेश प्रस्तावों में सबसे बड़ा प्रस्ताव गोल्डक्रेस्ट का है। कंपनी सीमेंट क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे 1,500 रोजगार के अवसर बनने की संभावना है। इसके बाद एजियोस पॉलीफिल्म्स ने पैकेजिंग क्षेत्र में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इससे करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिल सकता है। गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 500 रोजगार के अवसर बनेंगे। वहीं एरिस लाइफसाइंसेज ने फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे 800 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा राघव वूवन एलएलपी 250 करोड़, भव्य मशीन टूल्स 250 करोड़, जय केमिकल इंडस्ट्रीज 200 करोड़ और बालाजी मल्टीफ्लेक्स 200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव लेकर आए हैं। श्रद्धा स्पन 160 करोड़, इनर इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स 150 करोड़, ऑप्टिमाइज्ड ग्रुप 100 करोड़, जेएमके फूड 50 करोड़, विबफास्ट ग्रुप 50 करोड़ और अरुणाया ऑर्गेनिक्स 25 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं।
19 हजार एकड़ में 48 नए औद्योगिक पार्क
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को प्रदेश में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक भूमि, पानी और बिजली पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। करीब 19 हजार एकड़ में 48 नए इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। उद्योगों को आसानी से मंजूरी देने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था लागू है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, मजबूत रेल नेटवर्क, 6 अंतर्देशीय कंटेनर डिपो और 5 लाख किलोमीटर से अधिक सडक़ नेटवर्क है। इससे उद्योगों को कच्चा माल लाने और तैयार उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

Related Articles