- लोक शिक्षण आयुक्त ने फिर बदला टाइम, निर्देश किए जारी

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
ई-अटेंडेंस सिस्टम लागू कर प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए एक्टिव लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने शिक्षकों की परेशानी बढ़ा दी है। अब शिक्षकों को ताजा निर्देश जारी कर कहा गया है कि उन्हें दस बजे के पहले विद्यालय में पहुंचकर ई अटेंडेंस लगाना होगी। इसके बाद अगर साढ़े दस बजे तक ई अटेंडेंस लगाते हैं तो देरी का कारण बताना होगा। इस अवधि के बाद ई अटेंडेंस को मान्य नहीं किया जाएगा।
लोक शिक्षण आयुक्त ने यह निर्देश सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली गई बैठक में आयुक्त सिंह ने कहा है कि ई-अटेंडेंस को लेकर किसी तरह की लापरवाही से वेतन कट सकता है। इसलिए शिक्षकों, लोकसेवकों की जिम्मेदारी है कि वे समय पर विद्यालय में उपस्थित हों और पठन पाठन के कार्य में शामिल हों। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर दिए ताजा निर्देश में आयुक्त ने कहा है कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी को प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से पूर्व संस्था में उपस्थित होना है।
बता दें लोक शिक्षण आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को विभाग के कर्मचारियों, अफसरों को यह सूचना दी गई थी कि अब सुबह 10.30 बजे तक ई अटेंडेंस लगाना होगी, हालांकि सोमवार को सुबह 11 बजे तक शिक्षकों, कर्मचारियों की अटेंडेंस लगती रही थी। वहीं मंगलवार को ई अटेंडेंस का समय सुबह 10 बजे से पहले कर दिया गया है। इससे शिक्षकों की परेशानी बढ़ गई है। खासतौर पर शहरों में रहकर गांवों में ड्यूटी करने वाले शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने में समय लगना तय है।
नियम नहीं, पहले सुविधाएं लागू हों
ई-अटेंडेंस लगाने के लिए रोज बदले जा रहे टाइमिंग को लेकर शासकीय शिक्षक संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने कहा है कि ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता से पहले सरकार ग्रामीण शिक्षकों को सुविधाएं दें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पदस्थ शिक्षकों से ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता लागू करने से पहले सरकार को उनके आवास, सुरक्षित आवागमन तथा विशेष ग्रामीण भत्ता जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। शिक्षक सीमित संसाधनों के बीच दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं, वहां उनकी वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। शिक्षकों पर नियम नहीं, पहले सुविधाएं लागू हों।
कमिश्नर बोले, उफनते नदी नाले पार न करें टीचर, स्टूडेंट
लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह ने कहा है कि बारिश के दौरान उफनते नदी नाले पार करके न तो टीचर्स को और न ही स्टूडेंट्स को स्कूल जाना है। टीचर ऐसी स्थिति आने पर इसे अपने संकुल प्राचार्य और प्राचार्य को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये जानकारी देंगे। इसे कंसीडर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि वीडियो कांफ्रेंसिंग मीटिंग में उन्होंने टीचर्स के स्कूल आने के टाइमिंग की जानकारी ली है। मंदसौर समेत कुछ जिलों में डीईओ के द्वारा गलत टाइम कोट किए जाने का मामला सामने आया है, उसे सुधारा जाएगा।
