- महज 1.50 रुपये प्रति किमी होगा किराया…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
ई-बसों का ट्रायल रन पूरा होने के बाद अब 30 जुलाई से कमर्शियल रन शुरू होने जा रहा है। पहले चरण में दो रूटों पर 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों से प्रति किलोमीटर डेढ़ रुपये और न्यूनतम सात रुपये किराया लिया जाएगा। बीसीएलएल अधिकारियों के अनुसार फिलहाल 30 ई-बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं। इनमें से 10 बसें पहले चरण में सडक़ों पर उतरेंगी, जबकि अगले सप्ताह 10 और बसें नए रूटों पर शुरू करने की तैयारी है।
10 बसों से होगी शुरुआत
पहले चरण में 10 बसों के साथ ई-बस सेवा की शुरुआत की जाएगी। बीसीएलएल के अधिकारियों के अनुसार, दो रूटों पर ही बसों का परीक्षण किया जाएगा। इसमें पहला रूट चिरायु अस्पताल से बोर्ड आफिस मेट्रो स्टेशन होते हुए बैरागढ़-चीचली तक रहेगा, जबकि दूसरा रूट चिरायु अस्पताल से बोर्ड आफिस से चेतक ब्रिज होते हुए रेलवे कोच फैक्ट्री तक संचालित होगा।
भोपाल बन रहा स्मार्ट और ग्रीन सिटी
इलेक्ट्रिक बस सेवा को भोपाल के ग्रीन मोबिलिटी मिशन की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने से प्रदूषण कम करने और ईंधन की बचत में भी मदद मिलेगी।
100 ई-बसों का संचालन का टारगेट
निगम का लक्ष्य अगले एक महीने में 100 ई-बसों का संचालन शुरू करना है। पीएम ई-बस सेवा के तहत भोपाल को मिली बसों का 20 जुलाई से बिना यात्रियों के ट्रायल रन किया जा रहा था। टिकिटिंग सॉफ्टवेयर की टेस्टिंग न होने की वजह से यह शुरू नहीं हो सकीं थीं। अब टिकिटिंग साफ्टवेयर की टेस्टिंग भी पूरी हो चुकी है, जिसका जिम्मा चलो कंपनी को दिया गया है। अब 30 जुलाई से बसें शहर के विभिन्न स्टाप पर रुकना शुरू हो जाएंगी।
यात्रियों को मिलेगा फायदा
नई ई-बस सेवा शुरू होने से…
कम किराए में बेहतर सफर मिलेगा।
ध्वनि और वायु प्रदूषण कम होगा।
यात्रियों को आरामदायक और आधुनिक बसों की सुविधा मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।
