- निर्यातकों को होगा फायदा…

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
महेश्वरी साडिय़ां, चंदेरी वस्त्र, मसाले, हस्तशिल्प और तेजी से उभर रहे डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर डी2सी ब्रांड्स सहित मध्य प्रदेश में तैयार होने वाले उत्पाद अब दुनिया के करोड़ों ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे। नई दिल्ली में अमेजन इंडिया और मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) के बीच हुए एमओयू से प्रदेश के ई-कॉमर्स निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। गत दिवस नई दिल्ली में आयोजित भारत टेक्स कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का लक्ष्य राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), उद्यमियों, निर्माताओं, बुनकरों, शिल्पकारों और उत्पादकों को अमेजन ग्लोबल सेलिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से स्थानीय व्यवसायों को अपने उत्पाद सीधे विदेशी ग्राहकों तक बेचने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय कारीगरों के साथ कारोबारियों को लाभ होगा।
निर्यात क्षेत्र में तेजी से उभर रहा मध्य प्रदेश राज्य: इस समझौते के तहत मध्य प्रदेश के व्यवसायों को अमेजन के 18 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मार्केटप्लेस तक पहुंच मिलेगी। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कनाडा, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं। इसके अलावा पहली बार निर्यात करने वाले उद्यमियों को निर्यात की तैयारी, नियामकीय अनुपालन, लॉजिस्टिक्स और भुगतान प्रक्रिया से जुड़ी सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे विदेशी ग्राहकों तक अपने उत्पाद आसानी से पहुंचा सकें। एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक एवं निर्यात आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला ने कहा यह सहयोग भारत की बढ़ती निर्यात अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश की भूमिका को और मजबूत करेगा। राज्य अपने मजबूत एमएसएमई आधार और विविध उत्पाद श्रेणियों के कारण निर्यात के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है।
48 लाख एमएसएमई को मिलेगा इसका लाभ
यह पहल मध्य प्रदेश के लगभग 48 लाख एमएसएमई के लिए नए निर्यात अवसर पैदा कर सकती है। भारत वर्ष 2030 तक ई-कॉमर्स निर्यात को 200 से 300 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यह साझेदारी राज्य के उद्यमियों को वैश्विक व्यापार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। अमेजन ग्लोबल सेलिंग इंडिया के प्रमुख श्रीनिधि कल्पा वुडी ने कहा कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य राज्य के उद्यमियों में निर्यात के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी क्षमताओं का विकास करना है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध वस्त्र, हस्तशिल्प, मसाले, हथकरघा उत्पाद और उभरते हुए डी 2 सी ब्रांड वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना सकते हैं।
ई-कॉमर्स निर्यात के लिए तैयार होगा रोडमैप
अमेजन और एमपीआईडीसी मिलकर मध्य प्रदेश के लिए ई-कॉमर्स निर्यात का विस्तृत रोडमैप तैयार करेंगे। इसमें लॉजिस्टिक्स, भुगतान समायोजन, वित्त तक पहुंच और नियामकीय सहायता को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक नीतिगत और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपायों की पहचान की जाएगी। उद्यमियों और एमपीआईडीसी अधिकारियों के लिए जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण कार्यक्रम और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। स्थानीय विक्रेता समुदायों का निर्माण कर अधिक से अधिक व्यवसायों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह सहयोग उच्च संभावनाओं वाले निर्यात उत्पादों की पहचान करने, निर्माताओं और निर्यातकों के बीच समन्वय तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से व्यवसायों को विस्तार देने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करेगा।
