बड़ी सुविधा: रेलवे अब ईएमआई पर करवाएगा धार्मिक यात्रा

धार्मिक यात्रा
  • 13 दिन के टूर के लिए भारतीय रेलवे का खास पैकेज

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय रेलवे और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष धार्मिक यात्रा लेकर आया है। अब यात्री भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन ईएमआई पर भी कर सकेंगे। पहली बार रेलवे ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए किस्तों में भुगतान की व्यवस्था शुरू की है, ताकि आर्थिक कारणों से यात्रा टालने वाले लोग भी आसानी से धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकें। क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार पंच महातीर्थ दर्शन यात्रा 29 अगस्त 2026 से शुरू होकर 10 सितंबर 2026 तक चलेगी। यह 13 दिवसीय यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से गुजरात और मध्य प्रदेश से संचालित होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस यात्रा में पुरी के भगवान जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क सूर्य मंदिर, भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर, गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर, नवग्रह मंदिर, गया का विष्णुपद मंदिर, मां मंगलागौरी मंदिर, बोधगया का महाबोधि मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, मां अन्नपूर्णा मंदिर, गंगा घाट तथा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी सहित कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
मध्य प्रदेश के यात्रियों को मिलेगा लाभ
मध्य प्रदेश के यात्री रतलाम, उज्जैन और संत हिरदाराम नगर (भोपाल) रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन में सवार हो सकेंगे। यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के पैकेज निर्धारित किए गए हैं। स्लीपर क्लास का किराया 24,200 रुपये, थर्ड एसी का 40,100 रुपये और सेकंड एसी का 49,500 रुपये रखा गया है। इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय परिवहन, भोजन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, यात्रा बीमा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं।

Related Articles