
- 1500 करोड़ की बजाए देने होंगे 231 करोड़
भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से विगत 30 वर्षों से सरदार सरोवर परियोजना को लेकर लंबित जटिल मुद्दे का सर्वसम्मति से समाधान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विषय मप्र, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के बीच लंबित था। भारत के अटॉर्नी जनरल द्वारा फरवरी, 2026 में अभिमत दिया कि पुनर्वास की लागत भागीदार राज्यों के मध्य विभाजित होना चाहिए। अभिमत के अनुसार मप्र लगभग डेढ़ हजार करोड़ रुपए का भुगतान करने की स्थिति बन रही थी। नई दिल्ली में हुई बैठक में तय किया गया कि 50 प्रतिशत के स्थान पर 75 प्रतिशत खर्च गुजरात द्वारा ही दिया जाए और इस प्रकार मप्र को अब केवल 231.80 करोड़ रुपए की राशि देना होगी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को यह जानकारी कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को दी। कर्मचारियों को दस साल बाद पदोन्नति दिए जाने पर कैबिनेट के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
ज्ञान भारत योजना में मप्र पूरे देश में अव्वल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में नए अधिनियम के तहत वक्फ बोर्ड का गठन कर या गया है। वक्फ बोर्ड का पुर्नगठन करने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि दुर्लभ प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए चलाए जा रही ज्ञान भारत योजना में मध्य प्रदेश पूरे देश में प्रथम स्थान पर आया है। अब तक 34 लाख 45 हजार से अधिक पांडुलिपि पन्नों का पंजीकरण और 12 लाख से अधिक का सत्यापन किया जा चुका है। टीकमगढ़ से 10 फीट लंबा जम्बू द्वीप का नक्शा, पन्ना से रसिक प्रिया बुरहानपुर से 220 वर्ष पुराना हस्तलिखित श्रीमद्भागवत और दतिया से ऐतिहासिक ताम्रपत्र जैसी अमूल्य धरोहरें प्राप्त हुईं हैं।
सरकार ने विजेता खिलाडिय़ों को दी प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश को खेलों में बड़ी सफलता मिली है। जापान में आयोजित अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी एशिया कप-2026 टूर्नामेंट में प्रदेश के खिलाडिय़ों ने 6 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक जीते। भारतीय बालक एवं बालिका हॉकी टीम में प्रदेश के कुल 10 खिलाड़ी शामिल रहे। सरकार ने हॉकी स्वर्ण पदक विजेता टीम के खिलाडियों को 3 लाख रुपए प्रति खिलाड़ी और कांस्य पदक विजेता टीम के खिलाडियों को एक लाख रुपए प्रति खिलाड़ी प्रोत्साहन राशि
प्रदान की है।
कांग्रेस का झूठ व जीतू पटवारी का दुष्प्रचार ध्वस्त: आशीष
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सरदार सरोवर परियोजना को लेकर कांग्रेस व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जनता को भ्रमित कर रहे हैं। इस समझौते से उनका दुष्प्रचार ध्वस्त हो गया है। उन्होंने कांग्रेस और जीतू पटवारी से पूछा कि, क्या 1,500 करोड़ की संभावित देनदारी को घटाकर 231.80 करोड़ करना प्रदेशहित के विरुद्ध है या यह मप्र के हितों की ऐतिहासिक रक्षा है? यह निर्णय केवल आर्थिक बचत नहीं, बल्कि सहकारी संघवाद, संवाद और मजबूत नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण है।
