
बिच्छू डॉट कॉम। दो मंत्रियों द्वारा कैबिनेट बैठक में तबादलों की तारीख बढ़ाने का मुद्दा उठाया गया। जिसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने 16 जून की रात 12 बजे तक की तारीख बढ़ाने का ऐलान कर दिया। इसके बाद दोपहर से रात 12 बजे तक थोकबंद तबादले हुए। असल में तबादलों की तारीख 15 जून की रात 12 बजे खत्म हो गई थी। इसकी वजह से कई विभागों में मंत्रियों के अनुमोदन के बावजूद आदेश जारी नहीं हुए। ऐसा सोमवार रात 8 बजे के बाद ई-ऑफिस व दूसरे ऑनलाइन माध्यमों पर बढ़े दबाव और तकनीकी कारणों के चलते हुआ। कैबिनेट बैठक में मंगलवार को सीएम के सामने यह मुद्दा उठा। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने तर्क दिया कि 1 से 15 जून की तारीख पर्याप्त नहीं थी, और मोहलत दी जानी चाहिए। सीएम ने यह कहते हुए मना कर दिया कि पहले से अंतिम तिथि तय थी, समय सीमा पर ही काम करना पड़ेगा। अब तारीख नहीं बढ़ाएंगे। सूत्रों के मुताबिक तब तक मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हजारों आवेदन पोर्टल में अटक गए। कुछ पर 16 तारीख दर्ज है। ये सभी पूर्व से अनुमोदित हो चुके हैं, इसलिए समय मिलना चाहिए। जिस पर सीएम ने समय 16 जून की रात 12 बजे तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया। शाम होते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश भी जारी कर दिए।
