
बिच्छू डॉट कॉम। राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक दल ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक बुलाई। बैठक में वर्चुअल जुड़े पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि संगठन की ओर से घोषित उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को विजय बनाना हमारे लिए बड़ी चुनौती है, हमसब एकजुट रहें और मीनाक्षी को जिताएं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हमारे विधायक अफवाहों से सावधान रहें और किसी भी अटकलों पर भरोसा नहीं करें। एक अन्य विधायक बाबू जंडेल ने तो यहां तक कह दिया कि जो गद्दारी करेगा, वह वर्णसंकर होगा। इस बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन पहुंची। विधायकों ने उनका स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक अजय सिंह राहुल ने भी एकजुट होकर प्रत्याशी को जिताने की बात कहीं। बैठक में जयवद्र्धन सिंह चेन्नई में होने के कारण और विधायक योगेन्द्र सिंह कार दुर्घटना में घायल होने के कारण नहीं पहुंच सके। एक अन्य विधायक वीर सिंह भूरिया का संदेश मिला कि वे 8 जून को नामांकन पत्र भरने के दौरान रहेंगे। इधर, मीनाक्षी ने शनिवार को नामांकन फार्म लिया है।
