परिवहन एसआई ट्रांसपोर्ट के साथ लॉ एंड ऑर्डर भी संभालेंगे

परिवहन

बिच्छू डॉट कॉम। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में परिवहन उप निरीक्षक बुनियादी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार के मुख्य आतिथ्य में हुआ। प्रशिक्षण 9 मार्च से 5 जून तक संचालित किया गया, जिसमें 21 परिवहन उप निरीक्षक शामिल थे। यह ट्रांसपोर्ट के साथ ही जरूरत होने पर लॉ एंड ऑर्डर भी संभालेंगे। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस सेवा एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आंतरिक प्रशिक्षण में नवीन आपराधिक कानूनों, मोटरयान अधिनियम, विभिन्न पुलिस अधिनियमों, नियमों एवं प्रक्रियाओं, पुलिस अनुशासन, नेतृत्व विकास, धैर्य व्यावसायिक दक्षता जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन कराया गया। बाह्य प्रशिक्षण में प्रशिक्षु अधिकारियों को आम्र्स प्रशिक्षण, परेड, बलवा नियंत्रण (रायट ड्रिल), शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी), योग एवं अन्य फील्ड गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। डायल-112, पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस मुख्यालय, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) आदि का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया।

Related Articles