एमपी में आज 13 जिलों में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी

आंधी-बारिश
  • उत्तर में भीषण गर्मी पूर्वोत्तर और दक्षिण में बारिश का कहर

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण के कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले तीन दिनों तक तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है।  शनिवार को 13 जिलों में तेज हवा और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, देवास, खरगोन, विदिशा, राजगढ़, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला और डिंडौरी समेत कई जिलों में कहीं तेज हवाएं चलीं तो कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बना हुआ है, जबकि 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के मौसम को फिर प्रभावित कर सकता है। राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की तेज गर्मी का संकेत माना जा रहा है। हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम कुछ समय के लिए राहतभरा बना हुआ था, लेकिन अब राजधानी में फिर तेज गर्मी लौटने के संकेत हैं।

Related Articles