
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृष्टि मिशन की सफलता पर बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप गैलेक्जआई की टीम को बधाई देते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में बड़ा मील का पत्थर करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया का पहला ऑप्टोएसएआर सैटेलाइट है और यह देश के युवाओं की नवाचार क्षमता का उदाहरण है। रविवार को दृष्टि नाम का यह सैटेलाइट अमेरिका के कैलिफोर्निया से स्पेसएक्स के फाल्कन-9 रॉकेट के जरिए लॉन्च किया गया। इसे गैलेक्जआई ने विकसित किया है। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा निजी तौर पर बनाया गया पृथ्वी अवलोकन सैटेलाइट है। गैलेक्जआई के सीईओ सुयश सिंह ने बताया कि दृष्टि का मतलब है हर परिस्थिति में देख पाना। यह सैटेलाइट मल्टीस्पेक्ट्रल कैमरा और सिंथेटिक एपर्चर रडार को एक साथ इस्तेमाल करता है, जो दुनिया में पहली बार किया गया है। यह सैटेलाइट बादलों, अंधेरे और खराब मौसम में भी पृथ्वी की साफ तस्वीरें लेने में सक्षम है। आमतौर पर ऑप्टिकल सैटेलाइट बादलों की वजह से काम नहीं कर पाते, लेकिन एसएआर तकनीक हर मौसम में काम करती है। दृष्टि इन दोनों तकनीकों को मिलाकर ज्यादा सटीक और उपयोगी तस्वीरें देगा।
