नीट परीक्षा आज: दोपहर 2 बजे से पेपर, 1:30 के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

नीट परीक्षा आज

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की परीक्षा रविवार को देश भर में आयोजित होने जा रही है। मप्र में इस परीक्षा के लिए कुल 283 सेंटर बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा सेंटर इंदौर में 57 हैं। राजधानी भोपाल में यह परीक्षा 33 सेंटरों पर होगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानि एनटीए इस परीक्षा को आयोजित करता है। इसलिए परीक्षा से पहले एनटीए ने अभ्यर्थियों के दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी अनुसार मप्र से इस परीक्षा में 1.18 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। जबकि एमबीबीएस सीटों की संख्या 5 हजार के आस पास है। परीक्षा से पहले कलेक्टर भोपाल प्रियंक मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई। इसमें बताया गया कि शहर के 33 केंद्रों पर सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र को साइबर पुलिस की निगरानी में रखा गया है। सर्वर से लेकर इंटरनेट से जुड़ी हर बारीकी पर नजर रखी जा रही है। नीट यूजी एग्जाम 3 मई को दोपहर 2 बजे से होगा। उम्मीदवारों की एग्जाम सेंटर पर रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगी। यानि अभ्यर्थी 11 बजे से सेंटर पर पहुंच सकता है, लेकिन दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस संबंध में एनटीए ने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चे को समय से केंद्र पर पहुंचने में मदद करें।
निगेटिव मार्किंग का रखें ध्यान
नीट यूजी 2026 के परीक्षार्थियों को सभी सवालों के जवाब देते समय नेगेटिव मार्किंग का भी ध्यान रखना होगा। हर सही सवाल के लिए 4 नंबर और गलत जवाब देने पर एक नंबर काटा जाएगा। सही जवाब के लिए चार नंबर मिलेंगे और गलत जवाब देने पर एक नंबर काटा जाएगा। अगर कोई छात्र कोई सवाल का जवाब नहीं देता है यानी उस सवाल को अटेम्प्ट नहीं करता है तो उस सवाल में नंबर नहीं मिलेगा और न ही नंबर काटा जाएगा।
उम्मीदवारों के लिए निर्देश
– परीक्षा हॉल में सभी निर्देशों का पालन करना होगा और अनुशासन बनाए रखना होगा।
– उम्मीदवार परीक्षा के किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं करेगा।
– उम्मीदवार परीक्षा के दौरान किसी भी अनुचित साधन का उपयोग या उसे बढ़ावा नहीं देगा।
– अगर उम्मीदवार को परीक्षा में कोई अन्य उम्मीदवार अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए मिलता है, तो इसकी सूचना तुरंत ड्यूटी पर मौजूद निरीक्षकों को दी जाएगी।
– उम्मीदवार केंद्र पर कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं लाएगा।
– उम्मीदवार तलाशी के दौरान परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों के साथ सहयोग करेगा।

Related Articles