
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कथित शराब घोटाले की सुनवाई करते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट से रिकॉर्ड प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने इसे कल तक हासिल करने को कहा और जिन प्रतिवादियों ने जवाब दाखिल नहीं किया है उन्हें भी एक मौका दिया गया। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक की ओर से जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत का बहिष्कार किए जाने के बीच बुधवार को कथित शराब घोटाले केस की सुनवाई हुई। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा कि ट्रायल कोर्ट का रिकॉर्ड और कुछ प्रतिवादियों की ओर से जवाब नहीं मिलने की वजह से सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी। अदालत ने जवाब दाखिल करने का एक और मौका देते हुए कहा कि अगली सुनवाई सोमवार को होगी। जस्टिस शर्मा की बेंच ने कहा कि विशेष संदेशवाहक के जरिए ट्रायल कोर्ट का पूरा रिकॉर्ड पेश किया जाए। अदालत ने कहा कि पूरा रिकॉर्ड नहीं मिलने की वजह से गुरुवार की सुनवाई रद्द कर दी गई है। अदालत ने इस बात का भी जिक्र किया कि कुछ प्रतिवादियों ने अभी तक जवाब दाखिल नहीं किया है। जस्टिस शर्मा की बेंच ने कहा कि जिन लोगों ने शनिवार तक अपना जवाब दाखिल नहीं किया है उन्हें एक और मौका दिया जाए।
