
बुधवार को गुरुग्राम के कई निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल मिलने से हडक़ंप मच गया। अबकी बार धमकी भरा ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी की ओर से भेजा गया है। ईमेल भेजने वाले ने 29 अप्रैल को 40वां खालिस्तान डिक्लेयरेशन डे घोषित करने की बात कहते हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी को सीधे तौर पर चेतावनी दी है। इसके साथ ही धमकी भरे ईमेल में गुरुग्राम के करीब छह निजी स्कूलों को बम से उड़ाने के साथ ही दिल्ली के लाल किले पर बम धमाका करने की धमकी दी गई है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह 8.33 बजे करीब छह निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी दी गई। इन ईमेल में लिखा गया है कि स्कूलों के परिसर में विस्फोटक लगाए गए हैं। वहीं, ईमेल में लाल किले के बाहर पार्किंग में खड़ी कार में बम लगाए जाने के बारे में भी लिखा गया था। पुलिस ने संबंधित स्कूलों में बम निरोधक दस्ते के साथ-साथ डॉग स्क्वायड भेजकर गहनता से निरीक्षण कराया। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों में बच्चों की छुट्टी करके उन्हें घर भेज दिया गया है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ स्कूलों की गहन तलाशी ली। स्कूल परिसरों में कोई संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
