सिंगरौली में बैंक डकैती के बाद पूरे प्रदेश में पहली बार होगा बैंकों का सुरक्षा ऑडिट

  • एमपी पुलिस का बड़ा कदम

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
पिछले सप्ताह प्रदेश के सिंगरौली स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में डकैती के बाद पुलिस प्रदेश के सभी जिलों में बैंकों का सुरक्षा आडिट कराने जा रही है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने इंदौर और भोपाल के पुलिस आयुक्त और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है। इसमें मुख्य रूप से यह देखा जाएगा कि बैंकों में सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा गार्ड, अलार्म आदि की व्यवस्था किस स्तर की है। इसमें सुधार की क्या आवश्यकता है। कमी का विश्लेषण करते हुए सभी बैंकों को सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने के लिए कहा जाएगा। दरअसल सिंगरौली की घटना के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी कैलाश मकवाणा भी हेलीकाप्टर से सिंगरौली पहुंचे थे। तब उन्होंने सुरक्षा प्रबंध के बारे में भी बैंक और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली थी, इसी कड़ी में अब सभी सरकारी और निजी बैंकों का ऑडिट कराया जा रहा है। पहली बार है जब पुलिस सुरक्षा आडिट करने जा रही है। इसके पहले एक साथ सभी बैंकों में सुरक्षा प्रबंध का आडिट एक साथ कभी नहीं हआ।
सुरक्षा गार्ड और हथियारों का परीक्षण
इसके साथ ही सुरक्षा गार्ड अलग-अलग पाली में कितने लगे हैं, इसकी भी जांच होगी। यह देखा जाएगा कि वे मानकों के अनुसार हैं या नहीं और उनके पास हथियार हैं या नहीं। यदि हथियार हैं, तो उनके लाइसेंस और कार्यक्षमता की भी पड़ताल की जाएगी।
अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच
बैंकों में लगे अलार्म का भी परीक्षण किया जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि वे काम कर रहे हैं या नहीं। इसके पहले टेस्टिंग कब की गई थी। इसके अतिरिक्त अन्य सुरक्षा प्रबंधों की जांच की जाएगी ताकि भविष्य में सिंगरौली जैसी वारदात की पुनरावृत्ति न हो सके।
सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता पर फोकस
ऑडिट में यह देखा जाएगा कि सीसीटीवी कैमरे कितने लगे हैं। उनसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्र कवर हो रहे हैं या नहीं। इन कैमरों की गुणवत्ता कैसी है। बैंकों के आसपास के क्षेत्रों में कहां-कहां कैमरे लगे हैं। सुरक्षा के लिहाज से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कैमरों का नाइट विजन और स्टोरेज बैकअप मानकों के अनुरूप हो।

Related Articles