बीएड और एमएड में रोड़ा बन सकती है संबद्धता में देरी

  • तैयारी में जुटा उच्च शिक्षा विभाग

भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस बार बारहवीं के परीक्षा परिणाम जल्द कर देने का असर उच्च शिक्षा विभाग में भी नजर आ रहा है। स्कूल शिक्षा की मेहनत का लाभ उठाते हुए उच्च शिक्षा ने कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया भी जल्दी शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। परंपरागत कोर्सेस के साथ ही बीएड, बीपीएड व एमएड-एमपीएड में प्रवेश के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाने लगा है। विभाग एक मई से पहले किसी भी हालत में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो विभागीय स्तर पर तैयारी कर ली गई है। एक-दो दिन में कॉलेजों में प्रवेश का कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है। पूरी प्रक्रिया इस बार भी ऑनलाइन ही रहेगी। पंजीयन इसी माह के अंत या मई आरंभ में ही शुरू हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि बारहवीं के रिजल्ट जल्दी आने से स्नातक स्तर के कोर्सेस की शुरुआत तो हम जल्दी कर ही सकते हैं। यूजी के साथ पीजी कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया भी इस बार जल्दी की जाएगी। ताकि नए सत्र की कक्षाएं समय से शुरू हो जाएं। अधिकतम प्रवेश मई-जून में ही पूर्ण होने से छात्र-छात्राओं को भी पढ़ाई के लिए ज्यादा समय मिल जाएगा। हर साल मई में रिजल्ट आने से कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया भी देरी से शुरू होती थी।
बीएड कॉलेजों की संबद्धता में अटकेगा काम
उच्च शिक्षा विभाग बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएचएससी सहित बीबीए, बीसीए और बीएड, बीपीएड की प्रवेश प्रक्रिया भी एक साथ शुरू करने की तैयारी कर रहा है। एनसीटीई के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों एमएड, एमपीएड में प्रवेश की प्रक्रिया भी जल्द घोषित हो सकती है। मगर बीएड-एमएड कॉलेजों की संबद्धता का मामला अब तक लटका हुआ है।

Related Articles