
नई दिल्ली। टेनिस के महान खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने भारतीय दिग्गज विराट कोहली को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कोहली की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट देखना शुरू किया। लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के दौरान जोकोविच ने कहा, ‘विराट मेरे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। सच कहूं तो उन्हीं की वजह से मैंने क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया। पहले मैं इसे नहीं देखता था, लेकिन उनके जरिए मेरी रुचि बढ़ी।’
जोकोविच ने अपनी खास इच्छा भी जाहिर की कि जब वह भारत आएं तो कोहली उनके साथ समय बिताएं। उन्होंने टाइम्स नाऊ से बातचीत में कहा, ‘हम संपर्क में रहते हैं और उम्मीद है कि जब मैं भारत आऊंगा, मैं अगर नहीं कहना चाहता, जब आऊंगा, तो उम्मीद है कि वह मेरे साथ जुड़ेंगे। हम थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेलेंगे, मजा करेंगे और खेल के जरिए सकारात्मक ऊर्जा फैलाएंगे।’ जोकोविच ने भारतीय फैंस के लिए अपना प्यार भी जताया और जल्द भारत आने की इच्छा दोहराई। उन्होंने कहा, ‘मेरा संदेश हमेशा प्यार, सम्मान और आभार का होता है। मुझे वर्षों से भारतीय फैंस का जबरदस्त समर्थन मिला है। मैं जल्द ही भारत आना चाहता हूं। पिछले कुछ वर्षों से मुझे वहां आने का एक अलग ही आकर्षण महसूस हो रहा है।’
24 ग्रैंड स्लैम जीत चुके जोकोविच ने यह भी संकेत दिया कि वह भारत में किसी इवेंट या मैच का हिस्सा बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं भारत में कोई इवेंट होस्ट करना चाहता हूं या मैच खेलना चाहता हूं। मुझे भारतीय लोगों से खास जुड़ाव महसूस होता है।’ जोकोविच ने टेनिस की नई प्रतिद्वंद्विता पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कार्लोस अल्काराज और यानिक सिनर की प्रतिस्पर्धा को खास बताया, लेकिन ‘बिग थ्री’ को सबसे महान माना। उन्होंने कहा, ‘सिनर और अल्काराज की राइवलरी शानदार है, लेकिन मेरे लिए बिग थ्री हमेशा सबसे महान रहेंगे।’ बिग थ्री जोकोविच, फेडरर और नडाल की तिकड़ी को कहा जाता है।
