
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने अपने दो सबसे बड़े पुरुष टूर्नामेंट- वनडे विश्व कप और टी-20 विश्व कप के फॉर्मेट में बड़े बदलावों को मंजूरी दे दी है। एडिनबर्ग में हुई आईसीसी बोर्ड की वार्षिक बैठक में मुख्य कार्यकारी समिति की सिफारिशों को मंजूरी देते हुए अहम फैसले लिए गए। आईसीसी ने 2028 पुरुष टी20 विश्व कप के क्वालिफिकेशन सिस्टम को भी मंजूरी दी है। आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में पहले की तरह 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी, लेकिन टूर्नामेंट का पूरा ढांचा बदल जाएगा। अब प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी, जिससे पहले मैच से ही हर टीम पर दबाव और हर मुकाबले का महत्व बढ़ जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत रैंकिंग में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच राउंड-रॉबिन सुपर सीरीज से होगी। इन तीनों टीमों में शीर्ष पर रहने वाली टीम अगले चरण में प्रवेश करेगी। 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में छह टीमें होंगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमों के अलावा दोनों ग्रुप की अगली सर्वश्रेष्ठ टीम सुपर-7 चरण के लिए क्वालीफाई करेगी।
