
पश्चिम बंगाल चुनाव में मप्र के विशेष सशस्त्र बल की 10 कंपनियां और तैनात की जाएंगी। इसके नोडल अफसर पीटीआरआई में पदस्थ डीआइजी टीके विद्यार्थी होंगे। इन 10 कंपनियों में भोपाल से रवाना होंगी, शेष जबलपुर से जाएंगी। बता दें, इससे 40 कंपनियां पहले से ही तैनात हैं। प. बंगाल जाने वाली कंपनियों में भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम, शाजापुर, ग्वालियर व श्योपुर की कंपनियां भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन तो रीवा, जबलपुर, मंडला और बालाघाट की कंपनियां जबलपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होंगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश से भी फोर्स बुलाई जाएगी। इन राज्यों की फोर्स पहले से तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के पूरक के रूप में काम करेगी। यह फैसला खास तौर पर उन इलाकों को ध्यान में रखकर लिया गया है जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से अति-संवेदनशील माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक चुनावों में ड्यूटी के लिए बुलाए जाने वाले अतिरिक्त पुलिस फोर्स 13 अप्रैल से चरणबद्ध तरीके से राज्य में पहुंचना शुरू कर देंगे। चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक आयोग निष्पक्ष और हिंसा मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
