
बिच्छू डॉट कॉम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। इस बार तीन हजार अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया जाएगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश से भी फोर्स बुलाई जाएगी। इन राज्यों की फोर्स पहले से तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के पूरक के रूप में काम करेगी। यह फैसला खास तौर पर उन इलाकों को ध्यान में रखकर लिया गया है जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से अति-संवेदनशील माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक चुनावों में ड्यूटी के लिए बुलाए जाने वाले अतिरिक्त पुलिस फोर्स 13 अप्रैल से चरणबद्ध तरीके से राज्य में पहुंचना शुरू कर देंगे। चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक आयोग निष्पक्ष और हिंसा मुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव आयोग ने पहले ही पूरे राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 2,400 कंपनियों की तैनाती की प्लानिंग कर ली है।
