
पीएससी व ईएसबी परीक्षा एक ही दिन, तारीख बदलें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा में युवाओं से जुड़े एक गंभीर मुद्दे को उठाते हुए कहा कि मप्र लोक सेवा आयोग (एमपी-पीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा और कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की पुलिस विभाग में एसआई भर्ती की मुख्य परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को एक ही दिन किया जाना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि हजारों ऐसे अभ्यर्थी हैं, जिन्होंने दोनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है और वे असमंजस में हैं कि किस परीक्षा में शामिल हों। यह निर्णय युवाओं को अपने ही भविष्य के दो महत्वपूर्ण अवसरों में से एक को छोडऩे के लिए मजबूर करता है। यह दर्शाता है कि भर्ती एजेंसी में समन्वय की कितनी कमी है। पटवारी ने सरकार से दोनों में एक परीक्षा की तारीख में तत्काल बदलाव करने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्हें ग्रेच्युटी, अनुकंपा नियुक्ति और अन्य लाभों को तत्काल लाग किया जाए।
मार्कफेड का होगा कायाकल्प, समिति को 15 दिन में रिपोर्ट देने के दिए निर्देश
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने मप्र राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) कार्यालय में समीक्षा बैठक में संघ की गतिविधियों, उर्वरक वितरण व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन, परिसंपत्तियों के उपयोग एवं व्यवसाय विस्तार की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्कफेड को आत्मनिर्भर, आधुनिक एवं व्यावसायिक रूप से मजबूत संस्था बनाने के लिए सभी अधिकारी लक्ष्य आधारित कार्य करें। सारंग ने मार्कफेड के कायाकल्प के लिए गठित विशेष अनुसंधान समिति को 15 दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। को-ऑपरेशन एमंग को-ऑपरेटिव्स के सिद्धांत पर कार्य करते हुए कृषि विपणन आंदोलन को राज्य स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, बंद औद्योगिक इकाइयों को पुन: प्रारंभ करने, संपत्तियों की डिजिटल मैपिंग करने और गोदामों का पूर्ण उपयोग तय करने के निर्देश दिए।
आईएएस 30 अप्रैल तक पूरा कर सकेंगे विशेष कोर्स
केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत आईएएस अधिकारियों के लिए चल रही ऑनलाइन ट्रेनिंग और वार्षिक मूल्यांकन से जुड़ी एक बड़ी खबर है। अब आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर अनिवार्य पाठ्यक्रम पूरा करने और समग्र मूल्यांकन जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। पहले यह डेडलाइन 31 मार्च, 2026 तय थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30 अप्रैल, 2026 कर दिया गया है। यानी जिन अधिकारियों ने अभी तक अपने कोर्स पूरे नहीं किए हैं, उन्हें एक महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में सभी आईएएस अफसरों को निर्देश जारी किए हैं। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने पहले ही निर्देश दिए थे कि सभी अधिकारी अपनी सेवा अवधि और भूमिका के अनुसार तय किए गए विशेष कोर्स आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर पूरा करें।
लॉरेंस गैंग की धमकियों की जांच के लिए एसआईटी गठित
प्रदेश के विभिन्न जिलों में लॉरेंस विश्नोई गैंग और उनके सहयोगी हैरी बॉक्सर के नाम पर कारोबारियों को दी जा रही करोड़ों रुपए की वसूली की धमकियों को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। डीजीपी कैलाश मकवाणा के निर्देश पर ऐसे अपराधों की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी का सुपरविजन एडीजी डीश्रीनिवास वर्मा करेंगे। वहीं एसआईटी का प्रभारी डीआईजी रेल राहुल कुमार लोढ़ा को बनाया गया है। दरअसल लॉरेंस विश्नोई गैंग के सभी मामले अंतरराष्ट्रीय संगठित गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसमें विदेशी नंबर्स, वॉट्सऐप कॉल्स और वीपीएन का इस्तेमाल करके धमकियां दी जा रही हैं। पीएचक्यू के आदेश के अनुसार अशोकनगर, इंदौर (देहात), इंदौर (शहर), खरगोन और भोपाल के अलग-अलग थानों में दर्ज कुल छह प्रकरणों की विवेचना एसआईटी करेगी। वहीं, एडीजी एसटीएफ आवश्यकतानुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को एसआईटी में शामिल कर कर सकेंगे।
