
एडीआर की रिपोर्ट: चार राष्ट्रीय दलों से 1000 फीसदी ज्यादा भाजपा को मिला चंदा
वित्त वर्ष 2024-25 में देश के प्रमुख राजनीतिक दलों की चंदे से हुई कमाई के आंकड़े सामने आ चुके हैं। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा एक बार फिर देश में सबसे ज्यादा चंदा पाने वाली पार्टी के तौर पर उभरी है। वहीं, दूसरा नंबर कांग्रेस का है। चौंकाने वाली बात यह है कि भारत के पहले नंबर के राजनीतिक दल और दूसरे नंबर के राजनीतिक दल के तरफ से जुटाए गए चंदे के बीच का दायरा 12 गुना से ज्यादा है। कई और पार्टियों ने भी मिले दान की राशि का खुलासा किया है। सभी राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को कुल मिलाकर 11,343 दानकर्ताओं की तरफ से 6648.563 करोड़ का चंदा मिला। देशभर में राजनीतिक दलों को जितना चंदा मिला, उसकी कुल राशि में 91 फीसदी से ज्यादा भाजपा को ही मिली। भाजपा ने 2024-25 के लिए 6074.015 करोड़ का दान दिखाया है। उसे यह दान 5522 दानदाताओं के जरिए मिला। भाजपा के चंदे में 171 फीसदी की वृद्धि हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में पार्टी को 2243.947 करोड़ मिले थे, जो 2024-25 में बढक़र 6074.015 करोड़ हो गए। वहीं आप के चंदे में 27.044 करोड़ का उछाल आया है, जो कि 2023-24 के मुकाबले 244 फीसदी ज्यादा है। इससे पहले पार्टी को 11.062 करोड़ रुपये का चंदा मिला था।
बढ़ी चिंता: नायरा ने पेट्रोल पांच और डीजल तीन रुपए किया महंगा
देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में पांच रुपए प्रति लीटर और डीजल में तीन रुपए लीटर की वृद्धि की है। यह फैसला वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालिया तेजी के बाद लिया गया है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका असर अब घरेलू बाजार पर भी दिखने लगा है। नायरा एनर्जी देश के कुल 1,02,075 पेट्रोल पंपों में से 6,967 पंप संचालित करती है। कंपनी ने अब बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया है। कुछ स्थानों पर पेट्रोल की कीमत में 5.30 रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है। सूत्रों के अनुसार, रूस की रोसनेफ्ट के स्वामित्व वाली नायरा ने पेट्रोल की कीमत में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है, लेकिन प्रभावी वृद्धि दर राज्यों के अनुसार अलग-अलग है, जो वैट जैसे स्थानीय करों पर निर्भर करती है। कुछ स्थानों पर पेट्रोल की कीमत में 5.30 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि हुई है। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी की संयुक्त कंपनी जियो-बीपी ने अब तक कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि उसे पेट्रोल-डीजल बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सुविधा: वीरता पदक विजेता को रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा
भारत सरकार ने सेना, नौसेना और वायुसेना में वीरता पदक से सम्मानित सैनिकों के लिए एक अहम फैसला लिया है। इस आदेश के तहत, इन वीरता पुरस्कार विजेताओं को भारतीय रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा प्रथम श्रेणी, सेकेंड एसी या एसी चेयर कार में एक साथी के साथ उपलब्ध होगी। रियायत देश के बहादुर जवानों के सम्मान में दी गई है। यह योजना उन सभी सैनिकों पर लागू होगी जिन्हें सेना, नौसेना या वायुसेना पदक से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार विजेताओं के जीवनसाथी भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसमें विधवाएं और विधुर शामिल हैं, जब तक वे पुनर्विवाह नहीं करते। इसके अतिरिक्त, अविवाहित मरणोपरांत पुरस्कार विजेताओं के माता-पिता को भी यह सुविधा प्रदान की जाएगी।
13 अप्रैल से 24 मई तक 50 मैच 12 शहरों में खेले जाएंगे
आईपीएल-2026 के दूसरे फेज का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का यह अहम फेज 13 अप्रैल से शुरू होकर 24 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें लीग स्टेज के बाकी 50 मुकाबले खेले जाएंगे। पहले फेज की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। जहां पहले ओपनिंग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत होनी है। दूसरे फेज के मुकाबले देश के 12 शहरों में होंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ शामिल हैं। इस दूसरे फेज की शुरुआत 13 अप्रैल को होगी, जहां हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला दूसरे फेज के हाई-वोल्टेज शेड्यूल की शुरुआत करेगा। 10 टीमों में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस ही ऐसी 2 टीमें जिनका 1-1 मैच ही दोपहर में होगा। दोनों टीमें 13-13 मैच शाम को खेलेंगी। हैदराबाद और दिल्ली के सबसे ज्यादा 4-4 मैच दोपहर में 3.30 बजे शुरू होंगे। पंजाब और लखनऊ को 3-3 मैच दोपहर में खेलना है। वहीं राजस्थान, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु के 2-2 मैच दोपहर में हैं।
