
इस्लामाबाद। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच पाकिस्तान ने अमेरिका पर तंज कस रहा है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि ऐसा लगता है कि अब युद्ध का मकसद बदल गया है। उन्होंने कहा कि अब सारा ध्यान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवाने पर है। दरअसल, इस ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। यह रास्ता दुनिया के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि वैश्विक तेल व्यापार का 20 प्रतिशत हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है। इसके बंद होने से दुनिया भर में ईंधन की सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस रास्ते को खुलवाने के लिए दुनिया के देशों से एकजुट होने की अपील की थी।
इस मामले पर अब पाकिस्तान रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अमेरिका पर तंज कसते हुए कहा, ऐसा लगता है कि अब युद्ध का मकसद बदल गया है। उन्होंने कहा कि अब सारा ध्यान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुलवाने पर लगा है, जबकि यह रास्ता युद्ध शुरू होने से पहले खुला ही था। यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान खुद अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता और मेजबानी करने की कोशिश में जुटा है। हालांकि ईरान ने बुधवार को अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को पूरी तरह खारिज कर दिया। इसके साथ ही ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों पर अपने हमले और तेज कर दिए हैं। ईरान ने कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया, जिससे वहां भीषण आग लग गई। ईरान की यह कार्रवाई इजरायल के तेहरान पर किए गए हवाई हमलों और अमेरिका की तरफ से मरीन सैनिकों की नई तैनाती के जवाब में देखी जा रही है।
ईरान के सरकारी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान अपनी शर्तों पर ही युद्ध खत्म करेगा। एजेंसी के अनुसार, पाकिस्तान के मध्यस्थों ने अमेरिका की तरफ से ईरान को 15 सूत्रीय शांति योजना सौंपी थी। इस योजना में ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने, परमाणु कार्यक्रम को वापस लेने, मिसाइलों की सीमा सीमित करने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की शर्तें रखी गई थीं। दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि होर्मुज जल्द खुल जाएगा। वे ईरानी शासन के सही लोगों से बात कर रहे हैं।
