भारत को चीनी ताइपे से 1-3 से हराया

भारत

नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल टीम की कप्तान स्वीटी देवी और गोलकीपर पंथोई चानू मंगलवार को एएफसी महिला एशियाई कप के अपने आखिरी ग्रुप लीग मैच में चीनी ताइपे से 1-3 से हार के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हो गईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस हार के साथ ही प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट में भारत का सफर समाप्त हो गया। टीम इससे पहले अपने पहले दो मैचों में वियतनाम और जापान से हार चुकी थी। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने एक बयान में कहा, ‘आज के मैच के दौरान चोट लगने के बाद एलांगबाम पंथोई चानू और स्वीटी देवी नगनबाम को अस्पताल ले जाया गया है। उनकी जांच के नतीजे का इंतजार है।’

दोनों भारतीय स्टार खिलाड़ी 83वें मिनट में घायल हो गईं, जब पंथोई चीनी ताइपे के हमले को रोकने के लिए आगे बढ़ीं और अपनी साथी खिलाड़ी स्वीटी देवी से टकरा गईं। दोनों खिलाड़ियों को स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाया गया। स्वीटी के घुटने में चोट लगने के बाद पंथोई के चेहरे पर भारी सूजन आ गई, जबकि स्वीटी कुछ देर के लिए मैदान पर बेसुध पड़ी रहीं। चिकित्सा टीम ने मैदान पर उनकी जांच की और उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया। घटना के तुरंत बाद दोनों खिलाड़ियों को आगे की जांच के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद चोटों की गंभीरता का पता चलेगा। इस मुकाबले के अधिकांश हिस्से में दबदबा बनाए रखने और कई मौके बनाने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी एक मौके को छोड़कर गोल करने में नाकाम रहे। भारतीय टीम ने पहली बार इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन उसे शुरुआती दौर से ही बाहर होना पड़ा।

Related Articles