
बिच्छू डॉट कॉम। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुरुष टीम की चयन समिति में बदलाव किया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व क्रिकेटर रमेश पोवार को चयन समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। ओझा वरिष्ठता यानी सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के आधार पर समिति की अध्यक्षता करेंगे। वह अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। बीसीसीआई की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) में शामिल अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे ने चयन समिति के सदस्य की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया पूरी की। दोनों ने बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदकों की स्क्रीनिंग और इंटरव्यू के बाद रमेश पोवार के नाम की सर्वसम्मति से सिफारिश की। पुरुष चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा अध्यक्ष होंगे। उनके साथ शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पोवार सदस्य के रूप में काम करेंगे। बीसीसीआई ने स्पष्ट किया कि सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के आधार पर ओझा समिति की अध्यक्षता करेंगे। चयन समिति की जिम्मेदारी भारतीय पुरुष टीम के लिए खिलाडिय़ों का चयन करना और टीम संयोजन से जुड़े फैसलों में भूमिका निभाना है।
