पैरा एशियन गेम्स: भारत ने जीते 5 गोल्ड, 10 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज

पैरा एशियन गेम्स

बिच्छू डॉट कॉम। पैरा एशियन गेम्स के तीसरे दिन बुधवार को भारतीय खिलाडिय़ों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में 23 पदक अपने नाम किए। इस शानदार झड़ी में 5 गोल्ड, 10 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 58 के पार (14 गोल्ड, 21 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज) पहुंच गई है और टीम इंडिया मेडल टैली में चौथे स्थान पर काबिज हो गई है। पुरुषों की हाई जंप टी64 स्पर्धा में प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में बंटी ने 1.92 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं सचिन खिलारी ने पुरुषों की शॉटपुट एफ46 स्पर्धा में अपने पिछले प्रदर्शन को दोहराते हुए एक बार फिर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस रोमांचक स्पर्धा में मोहम्मद यासेर (सिल्वर) और परवीन (ब्रॉन्ज) ने भी पदक जीतकर भारत को पोडियम पर क्लीन स्वीप दिला दिया। ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में भारत का डंका बजा, जहां सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 100 मीटर टी रेस में, दिलीप गावित ने पुरुषों की 100 मीटर टी45 रेस में और आयुष वर्मा ने पुरुषों के शॉटपुट एफ53 में स्वर्ण पदक हासिल किया।

Related Articles