
अयोध्या की तरह करीला धाम मंदिर को विकसित करेंगे, सीएम ने मांगा प्रस्ताव
रंगपंचमी पर करीला धाम में आयोजित मेले में भक्ति और साधना का अद्भुत नजारा देखने मिला। लव-कुश के जन्मोत्सव पर्व पर करीब 30 लाख श्रद्धालु पहुंचे इस अवसर पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक दर्शन को पहुंचे। सीएम डॉ. यादव ने रंगपंचमी मेले पर करीला धाम से जिले के 115.35 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला की मांग पर करीला मंदिर को अयोध्या की तरह विकसित करने के लिए कलेक्टर से प्रस्ताव मांगा। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को रंगपंचमी पर राजधानी में अपने आवास पर होली मिलन का आयोजन किया। इसमें कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से लेकर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। ढोल मजीरे के साथ फाग के गीतों पर नेता झूमे और रंग-गुलाल लगा जश्न मनाया।
ऑर्डनेंस फैक्ट्री चार्जमैन परीक्षा वैध, कैट का आदेश बरकरार
मप्र हाईकोर्ट ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों में चार्जमैन पद के लिए आयोजित लिमिटेड डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) जबलपुर के पूर्व आदेश को बरकरार रख प्रक्रिया को वैध माना है। याचिकाकर्ताओं ने परीक्षा के दौरान व्हाट्सऐप पर एक कोडेड उत्तर कुंजी से प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगाए थे। कोर्ट ने पाया, दस्तावेज परीक्षा के 20 दिन बाद और आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी होने के बाद प्रसारित हुआ, इसलिए इसे प्रश्नपत्र लीक होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता। चार्जमैन चयन परीक्षा के लिए 26 फरवरी से 3 मार्च 2023 तक परीक्षा हुई थी। जबलपुर सहित देश की 41 आयुध निर्माणियों से 938 उम्मीदवारों का चयन हुआ था। इस परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने को लेकर कुछ प्रतिभागियों ने याचिका दायर की।
मिल मालिकों के दबाव में मप्र के बासमती को नहीं जीआई टैग
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि अन्य राज्यों के मिल मालिकों के दबाव में मप्र के किसानों के साथ भेदभाव ही रहा है। प्रदेश के बासमती चावल को औने-पौने दाम में खरीदकर उसे अन्य राज्यों के जीआई टैग के नाम पर निर्यात कर व्यापारी मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि मप्र के किसान लाभ से वंचित हैं। रविवार को दिग्विजय ने मीडिया को बताया, 2013 में यूपीए ने मप्र के बासमती को जीआई टैग दिया, लेकिन 2016 में मोदी सरकार ने इसे वापस ले लिया। जबकि श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, हरदा, विदिशा, रायसेन, सीहोर, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, भिंड और जबलपुर के किसान वर्षों से उच्च गुणवत्ता वाले बासमती चावल का उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने पीएम को पत्र लिखकर एपीडा पर कार्रवाई की मांग की। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
केंद्रीय मंत्री ठाकुर करेंगी सीएसडब्ल्यू में भारत का प्रतिनिधित्व
धार सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित महिला आयोग (सीएसडब्ल्यू) के 70 वें सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह वैश्विक सम्मेलन से 12 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें विश्व के विभिन्न देशों के प्रतिनिधि महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। मंत्री ठाकुर वैश्विक मंच पर भारत की नीतियों, उपलब्धियों और प्रतिबद्धताओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेंगी। इसके अतिरिक्त, वे भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम महिला नेतृत्व विकास और दक्षिण सहयोग-आईबीएसए फंड की सफलता की कहानियां में भी सहभागिता करेंगी।
