- मप्र में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी

गौरव चौहान
विधानसभा के बजट सत्र की समाप्ति के बाद अब सरकार का फोकस प्रशासनिक जमावट पर है। सरकार अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव से लेकर कलेक्टरों के तबादले की तैयारी कर रही है। सूत्रों का कहना है की प्रदेश में सरकार ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच अंतिम दौर की चर्चा के बाद कभी भी आईएएस अफसरों की तबादला सूची जारी हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि आगामी प्रशासनिक फेरबदल में एक दर्जन से ज्यादा जिलों के कलेक्टर की नई पदस्थापना की जा सकती है। अपर मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव स्तर के भी कुछ अधिकारियों के तबादले किए जा सकते हैं।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच कलेक्टरों की नई पदस्थापना को लेकर प्रारंभिक दौर की चर्चा हो चुकी है। तबादला सूची तैयार हो चुकी है। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच अंतिम दौर की चर्चा के बाद जल्द तबादला आदेश जारी किए जा सकते हैं। सत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव के दिल्ली से लौटने के बाद तबादला सूची जारी होने के आसार हैं। दरअसल, गत अक्टूबर से शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के दौरान कलेक्टरों के तबादलों पर अघोषित प्रतिबंध लगा था। अब चूंकि एसआईआर का काम पूरा हो चुका है, इसलिए सरकार ने कलेक्टरों को बदलने की तैयारी पूरी कर ली है।
खराब परफॉरमेंस वाले कलेक्टर बदलेंगे
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक ऐसे जिलों के कलेक्टर बदले जाएंगे, जिनकी परफॉरमेंस रिपोर्ट अच्छी नहीं है। इसका आंकलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करके दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन के आधार पर किया गया है। कई कलेक्टरों द्वारा भ्रष्टाचार की शिकायतें शासन के पास पहुंची हैं। वहीं राज्य सरकार ने एक जनवरी, 2026 से 71 आईएएस अफसरों को सीनियर पदों पर प्रमोट किया है। इसमें सचिव पद पर प्रमोट हो चुके भोपाल कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के अलावा अपर सचिव पद पर प्रमोट हो चुके 11 जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। इनमें धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नरसिंहपुर कलेक्टर रजनी सिंह, नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना, सतना कलेक्टर सतीश कुमार एस., मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सागर कलेक्टर संदीप जीआर, राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, अपर आयुक्त राजस्व जबलपुर संभाग अमर बहादुर सिंह, पांढुर्णा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ और गुना कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल के नाम शामिल हैं।
डॉ. राजौरा को सीएस का प्रभार
मुख्य सचिव अनुराग जैन पांच दिन के अवकाश पर हैं। इस कारण अपर मुख्य सचिव जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक मुख्य सचिव जैन के ससुर का निधन हो जाने के कारण वे पांच दिन के अवकाश पर हैं। जैन के अवकाश पर जाने के कारण मप्र आईएएस कैडर के दूसरे सबसे वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राजौरा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
