कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने खंडेलवाल की नई व्यवस्था

खंडेलवाल
  • सहयोग सेल सुलझाएगा कार्यकर्ताओं की समस्याएं

गौरव चौहान/भोपाल/बिच्छू डॉट कॉम। भाजपा कैडर बेस पार्टी है। इसलिए इस पार्टी में कार्यकर्ता को सर्वोपरि माना जाता है। हेमंत खंडेलवाल जब से मप्र भाजपा अध्यक्ष बने हैं उन्होंने कार्यकर्ताओं को महत्व दिलाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में सहयोग सेल की व्यवस्था शुरू की है। हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी प्रदेश कार्यालय में नेताओं कार्यकर्ताओं की भीड़ लग रही थी। इनमें कई ऐसे कार्यकर्ता भी भोपाल आ रहे थे जिनकी समस्याओं का निराकरण जिला स्तर पर ही हो सकता है। प्रदेश स्तर पर लगने वाली भीड़ को कम करने और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए खंडेलवाल के निर्देश पर सहयोग सेल बनाने की शुरुआत की गई है। इस सहयोग सेल में प्रदेश संयोजक और जिला संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। सहयोग सेल में रिटायर्ड आईएएस अफसर भी शामिल करने पर विचार चल रहा है।
खंडेलवाल के निर्देश पर भाजपा के जिला पदाधिकारियों के जिला कार्यालय में बैठने के दिन तय किए जा रहे हैं। जिला अध्यक्ष के लिए भी दिन तय किया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष से लेकर कौन से जिला पदाधिकारी किस दिन कार्यालय में बैठकर आम लोगों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा इस संबंध में सभी भाजपा जिला अध्यक्षों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह सहयोग सेल पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय एवं समस्याओं के समाधान का एक स्थायी माध्यम बनेगा। पत्र के अनुसार, सहयोग सेल के अंतर्गत वही विषय प्रस्तुत किए जाएंगे जिनका समाधान जिला अथवा संभाग स्तर पर संभव न हो और जिनमें मंत्रीगण अथवा प्रदेश पदाधिकारियों के हस्तक्षेप की आवश्यकता हो। भोपाल आने वाले आगंतुकों के प्रशासनिक, विभागीय, जनहित से जुड़े एवं संगठनात्मक विषयों को निर्धारित प्रारूप, संक्षिप्त और तथ्यपरक रूप में संकलित किया जाएगा। गौरतलब है कि सीएम और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा तय की गई व्यवस्था अधिकांश मंत्रियों को बोझ लग रही है। वे मन मारकर प्रदेश कार्यालय में बैठ रहे है। हालांकि खुलकर फिलहाल इस बारे में कुछ कहने से बच रहे है। गौरतलब यह भी है कि इससे पहले भी प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों के बैठने के फरमान जारी हुए पर यह व्यवस्था लंबी नही चल पाई पर इस बार संगठन जिस सख्ती से व्यवस्था लागू कर रहा है उससे मंत्रियों की पेशानी पर बल है।
ऐसे काम करेगी सहयोग सेल
जिला कार्यालय में आने वाली समस्याएं यदि प्रशासनिक हैं तो उन्हें जिला प्रशासन और संबंधित विभागों में भेजकर समाधान कराया जाएगा। यदि किसी कार्यकर्ता की समस्या पार्टी संगठन से संबंधित है तो जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी उसका समाधान कराएंगे। जिन मामलों का निराकरण जिला स्तर पर नहीं हो पा रहा है तो ऐसे मामलों को प्रदेश कार्यालय की सहयोग सेल के पास भेजा जाएगा। इनमें प्रशासनिक समस्याएं और संगठन दोनों तरह के मामलों का निराकरण किया जाएगा। सभी जिला अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे सहयोग सेल से संबंधित संपूर्ण जानकारी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाएं। इसके साथ ही प्रत्येक जिला अध्यक्ष अपने जिले से एक जिला सहयोग समन्वयक नामांकित करेंगे, जो प्रदेश कार्यालय से संपर्क, विषय निर्धारण, समन्वय एवं अनुवर्ती कार्यवाही का दायित्व निभाएगा।
जिलों में प्रभारी मंत्री करेंगे सुनवाई
पिछले महीने से इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए मंत्रियों के बैठने का पूरे महीने का ड्यूटी रोस्टर भी जारी किया जा रहा है। फरवरी का ड्यूटी रोस्टर भी भाजपा प्रदेश कार्यालय ने जारी कर दिया है। अब इस व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए जिलों में भी शिकायतों की सुनवाई शुरू किए जाने की तैयारी भाजपा प्रदेश कार्यालय ने शुरू कर दी है। इसके लिए पूरी गाइडलाइन बनाई जा रही है। जल्द ही यह व्यवस्था प्रदेश के सभी जिलों में शुरू हो जाएगी। इसके तहत जिलों में प्रभारी मंत्री महीने में एक दिन भाजपा जिला कार्यालय में बैठेंगे और जिलों के कार्यकर्ता और आमजनों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। इस बैठक में जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक इस नई व्यवस्था के शुरू होने से दूर-दराज के जिलों के कार्यकर्ताओं को अपनी समस्याएं लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। उनकी समस्याओं का निराकरण जिलों के प्रभारी मंत्रियों के माध्यम से जिलों में ही हो जाएगा। इसके साथ ही सांसद और विधायकों को इस व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। सांसद और विधायक भी कार्यकर्ता और आम लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक मंत्री दो घंटे बैठते हैं और कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनते हैं।
फरवरी का ड्यूटी रोस्टर जारी
भाजपा प्रदेश कार्यालय ने फरवरी महीने का मंत्रियों का ड्यूटी रोस्टर भी जारी कर दिया है। इसके तहत 2 फरवरी को डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, गौतम टेटवाल मंत्री तकनीकी शिक्षा, मनीषा सिंह विधायक, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा, 3 फरवरी को राकेश सिंह पीडब्ल्यूडी मंत्री, दिलीप अहिरवार वन राज्यमंत्री, राजेन्द्र सिंह प्रदेश मंत्री भाजपा, 4 फरवरी को विश्वास सारंग खेल एवं सहकारिता मंत्री, लखन पटेल पशुपालन मंत्री, डॉ. नंदिता पाठक प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठेंगे। वहीं 5 फरवरी को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, जयदीप पटेल (प्रदेश मंत्री भाजपा), 6 फरवरी को जनजातीय कार्यमंत्री विजय शाह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रदेश मंत्री भाजपा क्षितिज भट्ट कार्यालय में बैठेंगे। 9 फरवरी को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, मत्स्य पालन राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल जाटव, 10 फरवरी को मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, पंचायत राज्य मंत्री राधा सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, 11 फरवरी को स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह, खादी एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री दिलीप जायसवाल, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर बैठेंगे। इस तरह से पूरे महीने का ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है।

Related Articles