
बिच्छू डॉट कॉम। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने 5 अफसरों और कर्मचारियों के कार्यालय देरी से पहुंचने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में उपस्थित रहने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। उसका पालन क्यों नहीं किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंत्रालय में अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कहा कि मंत्रालय, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और रवानगी दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था की जाए। जरूरत पडऩे पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाए। समय की पाबंदी के मामले में पहले वरिष्ठ अधिकारी स्वयं अपनाएं। उसके बाद अधीनस्थ कर्मचारियों की नियमित मॉनीटरिंग करें। मुख्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को अभियान चलाकर समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) को दी गई जमीन में से जो उपयोग में नहीं आ रही है, उसे वापस लेने के लिए केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय से समन्वय किया जाए।
