शहरों में बढ़ते ई-रिक्शा और इनसे यातायात पर पड़ रहे असर को देखते हुए इनके संचालन को व्यवस्थित करने की तैयारी है। शहर में चल रहे ई-रिक्शा को एक प्लेटफॉर्म पर लाकर अलग-अलग रूट आवंटित किए जाएंगे। इन्हें मुख्य मार्गों के बजाय छोटे मार्गों और लिंक रोड से जोडक़र संचालित करने की योजना है। इसके लिए रूट और स्टॉप तय किए जा सकते हैं। ई-रिक्शा की संख्या बढऩे के साथ प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगह ई-रिक्शा सवारी बैठाने या उतारने के लिए अचानक सडक़ पर रुक जाते हैं। इससे पीछे चल रहे वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। तय रूट से हटेगा अतिरिक्त दबाव: प्रस्तावित व्यवस्था में ई-रिक्शा को निर्धारित रूट पर ही चलाने की व्यवस्था की जा सकती है। यात्रियों के लिए भी तय स्थानों पर स्टॉप विकसित किए जाएंगे। इससे चालक अपनी सुविधा के अनुसार व्यस्त मुख्य मार्गों पर रुकने या प्रवेश करने से बचेंगे और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
