
स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में नागरिक सहभागिता के आधार पर रीवा नगर निगम ने प्रदेश स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में रीवा प्रदेश में आठवें स्थान पर पहुंच गया है। कुछ समय पहले तक रीवा की स्थिति अपेक्षाकृत नीचे थी, लेकिन शहरवासियों के बढ़ते फीडबैक और वालेंटियर्स की सक्रियता से रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश स्तर पर इंदौर, उज्जैन और जबलपुर अब भी शीर्ष स्थानों पर बने हुए हैं। इंदौर में 6.93 लाख से अधिक नागरिकों ने फीडबैक दिया है, जो कुल आबादी का 34.72 प्रतिशत है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार स्वच्छता सर्वेक्षण में सिटीजन फीडबैक सबसे अहम घटकों में शामिल है। यही कारण है कि निगम लगातार लोगों से स्वच्छता ऐप और वेब लिंक के माध्यम से राय देने की अपील कर रहा है। अब तक रीवा शहर के 33 हजार 423 नागरिकों ने फीडबैक दर्ज कराया है, जो कुल आबादी का 14.18 प्रतिशत है। जबकि देश में लगातार सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड पाने वाले इंदौर में करीब 7 लाख लोगों के फीडबैक दर्ज कराए। दूसरे स्थान पर उज्जैन नगर निगम में 28 प्रतिशत लोगों ने और जबलपुर में 24 प्रतिशत ने फीडबैक दर्ज कराए हैं।
