पटवारी ने कहा-जल गंगा संवर्धन विफल, टैंकर माफिया सक्रिय

पटवारी

बिच्छू डॉट कॉम। मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में गहराते जल संकट को लेकर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर तीखा हमला बोला है। पटवारी ने कहा कि सरकार के जल गंगा संवर्धन: जैसे अभियानों के बड़े-बड़े दावे जमीन पर पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। मुख्यमंत्री को राजधानी के एसी कमरों से बाहर निकलकर जनता की वास्तविक पीड़ा देखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और रीवा सहित प्रदेश के 15 से अधिक जिले गंभीर जल संकट की चपेट में हैं। स्मार्ट सिटी इंदौर में जनता पानी के लिए सडक़ों पर उतरने और भाजपा विधायकों के घरों का घेराव करने को मजबूर है। हजारों करोड़ की नल-जल योजनाओं के बावजूद हर गर्मी में टैंकर माफिया फल-फूल रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने रायसेन जिले में पानी की तलाश के दौरान कुएं में डूबने से तीन आदिवासी बच्चियों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए इसे सरकारी विफलता का प्रमाण बताया। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभावित जिलों में आपात व्यवस्था लागू करे, टैंकर माफिया पर सख्त कार्रवाई करे और रायसेन घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर पीडि़त परिवारों को मुआवजा दे।

Related Articles