
राज्य सरकार मप्र से बाहर स्थित अपनी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने जा रही है। इसी कड़ी में वित्त विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण के अधीन आने वाली द प्रोविडेंट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड ने मुंबई के वीवीआईपी इलाके कोलाबा में स्थित हेरिटेज संपत्ति एडवर्ड विला को निजी हाथों में सौंपने के लिए एक्सक्लूसिव एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जारी किया है। इस प्रस्ताव में खास बात यह है कि वर्षों से एडवर्ड विला का उपयोग राज्य सरकार द्वारा वीवीआईपी गेस्ट हाउस के रूप में किया जा रहा था, लेकिन अब सरकार इस संपत्ति के लीज होल्ड अधिकारों को बेचने की तैयारी में है। संपत्ति के मूल्यांकन, कानूनी, टाइटल ड्यू डिलिजेंस व संपूर्ण बोली प्रक्रिया के प्रबंधन के लिए कम से कम 10 साल के अनुभव व 50 करोड़ के टर्नओवर वाली फर्मों से 30 अक्टूबर 2026 तक प्रस्ताव मांगे हैं।
