
बीजेपी के कोर ग्रुप की पहली बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने साफ कर दिया कि सत्ता और संगठन के साथ सभी लोग मिलकर काम करें। अभी सरकार में राजनीतिक नियुक्तियां हो रही हैं। इसकी लिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर भेजी गई है। यदि किसी को कोई बाते अभी करनी है तो वे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नेताओं के बीच सामंजस्य रहेगा तो ठीक होगा। आप सभी राजनीतिक घटनाक्रम और कांग्रेस की गतिविधियों पर भी नजर रखें। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ बाकी सदस्य मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार में होने की वजह से बैठक में नहीं पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक से जल्दी चले गए। उनके जाने के बाद नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बैठक में आए।
